मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती को लेकर चल रहे विवाद के बीच स्कूल शिक्षा विभाग ने पद बढ़ाने की मांग पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग के मुताबिक किसी भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद उस भर्ती में विज्ञापित पदों की संख्या को बढ़ाया या घटाया नहीं जा सकता।
विभाग ने कहा है कि नए रिक्त पदों को पुरानी भर्ती में शामिल करने के बजाय नई भर्ती के विज्ञापन में जोड़ा जाएगा। उच्च माध्यमिक, माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग कर रहे अभ्यर्थियों को विभाग ने वैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए यह जानकारी दी है।
विभाग में 72,901 पद रिक्त
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार वर्तमान में कुल 72,901 रिक्त पद हैं। इनमें से 59,073 पद पदोन्नति से संबंधित बताए गए हैं। पदोन्नति के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद विभाग ने स्टैंडिंग काउंसिल से राय ली है। विभाग के अनुसार इसमें TET उत्तीर्ण शिक्षकों को ही पदोन्नति देने का अभिमत दिया गया है। इसके चलते पदोन्नति की प्रक्रिया फिलहाल लंबित है।
इसके अलावा 3,990 पद OBC के 13 प्रतिशत होल्ड में हैं, जबकि 8,038 पद बैकलॉग के बताए गए हैं। विभाग का कहना है कि पदोन्नति के बाद जो पद खाली होंगे, उन पर सीधी भर्ती की जाएगी।
जुलाई 2027 तक रिक्तियों की गणना
स्कूल शिक्षा विभाग आगामी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा है। इसके तहत जुलाई 2027 तक की रिक्तियों का आंकलन किया जा रहा है।विभाग के अनुसार रिक्तियों की गणना पूरी होने के बाद नई शिक्षक भर्तियों का विज्ञापन जारी किया जाएगा। यानी वर्तमान रिक्तियों को पुरानी चयन प्रक्रिया में जोड़ने के बजाय आगामी भर्ती के माध्यम से भरने की तैयारी है।
बैकलॉग पद दूसरे वर्ग के अभ्यर्थियों से नहीं भरेंगे
विभाग ने आरक्षित वर्ग के बैकलॉग पदों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने से खाली रह गए बैकलॉग पदों को अनारक्षित या OBC वर्ग के अभ्यर्थियों से नहीं भरा जा सकता।ऐसे पदों को आगामी भर्ती में दोबारा विज्ञापित किया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों का भोपाल में 14वें दिन भी आंदोलन
शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों का भोपाल में आंदोलन जारी है। धरने का 14वां दिन है और अभ्यर्थी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं।अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी पद वृद्धि की मांग पर निर्णय नहीं लेती, तब तक धरना और हड़ताल जारी रहेगी। वहीं विभाग ने पुरानी भर्ती में नए पद जोड़ने की मांग को नियमों के अनुरूप नहीं माना है।
उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 में क्या हुआ?
उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 में विभाग ने 7,591 पदों पर भर्ती निकाली थी। OBC के 13 प्रतिशत पदों को होल्ड रखने के बाद 7,086 पद भर्ती के लिए उपलब्ध रहे।कर्मचारी चयन मंडल से 3,650 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई थी। इनमें से 3,194 अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं। यह प्रक्रिया वर्ष 2024 में पूरी हो गई थी।
वहीं 456 अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची से जुड़ी प्रक्रिया विभिन्न न्यायालयीन मामलों के कारण लंबित है। विभाग के अनुसार इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है और अगली सुनवाई 25 सितंबर 2026 को निर्धारित है।
तीन साल की अतिरिक्त आयु छूट का मामला भी सुप्रीम कोर्ट में
उच्च माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2023 में अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की अतिरिक्त छूट से जुड़ा मामला भी न्यायालय में लंबित है।जबलपुर हाईकोर्ट ने 15 अक्टूबर 2024 के फैसले में अतिरिक्त आयु सीमा को मान्य करते हुए संबंधित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा चयन परीक्षा कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।सुप्रीम कोर्ट ने 2 मई 2025 के आदेश में फिलहाल यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षक भर्ती में 3,699 नियुक्तियां
माध्यमिक शिक्षक नियोजन 2025-26 में 7,082 पदों पर भर्ती की गई थी। इनमें से 6,468 पद भर्ती के लिए उपलब्ध रहे, जबकि 614 पद OBC के 13 प्रतिशत आरक्षण के कारण होल्ड पर रखे गए।कर्मचारी चयन मंडल से 4,005 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई। इनमें से 3,699 के नियुक्ति आदेश जारी हो चुके हैं।शेष 306 अभ्यर्थियों के अपात्र पाए जाने के बाद उनकी जगह प्रतीक्षा सूची से नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। उपलब्ध नहीं हुए अभ्यर्थियों के कारण SC के 409 और ST के 2,054 पद खाली हैं।
प्राथमिक शिक्षक भर्ती में 6,922 नियुक्तियां
प्राथमिक शिक्षक नियोजन 2025-26 में 10,150 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इनमें से 9,161 पद भर्ती के लिए उपलब्ध रहे, जबकि 989 पद OBC के 13 प्रतिशत कोटे के कारण होल्ड रखे गए।कर्मचारी चयन मंडल से 7,962 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई थी। इनमें से 6,922 अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं।शेष 1,040 पदों में से 465 पदों पर दस्तावेज और दिव्यांग अभ्यर्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। वहीं प्रतीक्षा सूची में उपलब्ध अभ्यर्थियों में से 575 की प्रवर्गवार नियुक्ति की कार्रवाई की जाएगी।
7,098 पदों पर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी नहीं मिले
विभाग के अनुसार तीनों शिक्षक भर्ती में बड़ी संख्या में पद संबंधित आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण खाली रह गए हैं।
उच्च माध्यमिक शिक्षक: 3,436 पद
माध्यमिक शिक्षक: 2,463 पद
प्राथमिक शिक्षक: 1,199 पद
इन तीनों श्रेणियों को मिलाकर 7,098 पद ऐसे हैं, जिन पर संबंधित आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हुए।
इसके अतिरिक्त करीब 2,108 पद OBC के 13 प्रतिशत हिस्से को होल्ड रखने के कारण फिलहाल खाली हैं। विभाग के अनुसार इन पदों पर दूसरे वर्ग के अभ्यर्थियों को नियुक्त नहीं किया जा सकता।
अब नई भर्ती पर टिकी अभ्यर्थियों की उम्मीद
स्कूल शिक्षा विभाग की मौजूदा स्थिति के अनुसार पुरानी शिक्षक भर्तियों में पद बढ़ाने की संभावना नहीं है। नए रिक्त पदों को आगामी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की तैयारी है।
जुलाई 2027 तक रिक्तियों का आंकलन पूरा होने के बाद नई भर्ती का विज्ञापन जारी होने की उम्मीद है। ऐसे में पद वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों और आगामी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों की नजर अब विभाग की अगली प्रक्रिया पर रहेगी।