भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में जल्द ही करीब 10 हजार शिक्षकों की भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग को नई शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
रिक्त पदों की जुटाई जा रही जानकारी
शिक्षा विभाग प्रदेशभर में शिक्षकों के खाली पदों की जानकारी जुटा रहा है। इसके साथ ही मार्च 2027 तक रिटायर होने वाले शिक्षकों के पदों की भी गणना की जा रही है। माना जा रहा है कि प्रमोशन और रिटायरमेंट से खाली होने वाले पदों को जोड़ने के बाद भर्ती के पदों की संख्या बढ़ सकती है।
प्रमोशन और रिटायरमेंट के बाद तय होंगे पद
नई भर्ती का प्रस्ताव तैयार करने से पहले शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद प्रमोशन और रिटायरमेंट से खाली होने वाले पदों को मिलाकर भर्ती के लिए अंतिम संख्या तय की जाएगी। लोक शिक्षण आयुक्त ने संचालनालय के अधिकारियों को प्रदेशभर से रिक्त पदों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।
CM मोहन यादव ने मांगी भर्ती की जानकारी
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की थी। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि नई शिक्षक भर्ती कब शुरू होगी और कितने पदों पर भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रमोशन और रिटायरमेंट के कारण खाली होने वाले पदों की जानकारी भी मांगी। शिक्षा विभाग की ओर से आंकड़े जुटाने और भर्ती का प्रस्ताव तैयार करने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे प्रदेश में सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।