भोपाल: अयोध्या के राम मंदिर में दान से जुड़े विवाद के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। सरकार ने प्रदेश के सभी 55 जिलों की पुलिस को धार्मिक स्थलों से होने वाली चोरी के मामलों को प्राथमिकता से लेने के निर्देश दिए हैं। पुलिस को ऐसे मामलों में तत्काल जांच करने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए धार्मिक सामान की बरामदगी पर विशेष फोकस करने को कहा गया है।
धार्मिक स्थलों से जुड़े अपराध पुलिस की प्राथमिकता में
सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों में चोरी या उनसे जुड़े अपराधों को सामान्य मामलों की तरह लंबित न रखा जाए। ऐसे मामलों की जल्द जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ चोरी हुई मूर्तियों, आभूषणों, दान पेटियों और अन्य धार्मिक सामग्री की बरामदगी पर भी ध्यान देने को कहा गया है।
चार जिलों में पुलिस ने सुलझाए बड़े मामले
निर्देशों के बाद पुलिस की कार्रवाई भी तेज हुई है। इसी महीने पांढुर्ना, छतरपुर, धार और बड़वानी में मंदिरों में चोरी के चार बड़े मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। इन मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ चोरी की गई धार्मिक सामग्री भी बरामद की गई है।
पांढुर्ना में 24 घंटे में तीन मंदिरों की चोरी का खुलासा
पांढुर्ना में 22 अगस्त को तीन मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 7 मूर्तियां, मुकुट, घंटियां, दान पेटियां और करीब 56,849 रुपये नकद बरामद किए गए।
छतरपुर के नैनागिरी में तीन मंदिरों में चोरी
छतरपुर के नैनागिरी में 13 अगस्त को तीन मंदिरों में हुई चोरी का भी पुलिस ने पर्दाफाश किया। पुलिस ने नकदी के साथ वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, कटर मशीन, ब्लेड और अन्य औजार जब्त किए हैं।
धार में 2.30 लाख रुपये का सामान बरामद
धार जिले में 22 अगस्त को एक प्रमुख मंदिर में हुई चोरी की जांच करते हुए पुलिस ने करीब 2.30 लाख रुपये का धार्मिक सामान बरामद किया। इसमें चांदी के मुकुट, बालियां, तीन छत्र और अन्य आभूषण शामिल हैं।
बड़वानी में CCTV और वैज्ञानिक साक्ष्यों से आरोपी गिरफ्तार
बड़वानी के मंगलनाथ हनुमान मंदिर में 21 अगस्त को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की गई दान पेटी और अन्य सामान बरामद किया गया।
भोपाल में पकड़ा गया था 50 हजार का इनामी सरगना
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती के पीछे जुलाई में भोपाल पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई भी अहम मानी जा रही है। भोपाल पुलिस ने छह सदस्यों वाले एक गिरोह को गिरफ्तार किया था, जो भोपाल, रायसेन और विदिशा के मंदिरों को निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 चांदी के मुकुट और करीब 4 लाख रुपये का अन्य धार्मिक सामान बरामद किया था। गिरोह के सरगना पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस पूछताछ में उसने मंदिरों में चोरी की 12 वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की थी।
मंदिरों की सुरक्षा पर बढ़ेगी निगरानी
सरकार के नए निर्देशों के बाद प्रदेशभर में धार्मिक स्थलों से जुड़े अपराधों की निगरानी और कार्रवाई को प्राथमिकता देने की तैयारी है। पुलिस का जोर केवल आरोपियों को पकड़ने पर नहीं, बल्कि चोरी गई धार्मिक सामग्री को जल्द से जल्द बरामद करने पर भी रहेगा। इस कदम से मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा चोरी की घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई करने की उम्मीद है।