भोपाल। मध्यप्रदेश में सेवारत शिक्षकों के लिए होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब शिक्षक 18 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।इसके अलावा आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर 20 सितंबर तक संशोधन किया जा सकेगा। कर्मचारी चयन मंडल ने इस संबंध में अपने पोर्टल पर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
कम आवेदन आने के बाद बढ़ाई गई तारीख
पहले आवेदन करने की अंतिम तारीख शुक्रवार निर्धारित थी। बताया गया कि गुरुवार तक करीब डेढ़ लाख पात्र शिक्षकों में से केवल ढाई हजार शिक्षकों ने ही आवेदन किया था।आवेदन की संख्या बेहद कम रहने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग और कर्मचारी चयन मंडल के बीच चर्चा हुई। इसके बाद शिक्षकों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय देने का फैसला लिया गया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हो रही परीक्षा
यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के मई 2026 के आदेश के बाद आयोजित की जा रही है। आदेश के अनुसार 1998 से 2009 के बीच नियुक्त प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास करना होगा।सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा आयोजित कराने के लिए कर्मचारी चयन मंडल को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद ESB ने 21 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। अब आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 18 सितंबर कर दी गई है।
शिक्षकों को ऑफलाइन परीक्षा का भी विकल्प
TET को लेकर शिक्षक संगठनों ने स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह से मुलाकात की थी। संगठनों ने ऑनलाइन परीक्षा के साथ ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प उपलब्ध कराने की मांग रखी थी।शिक्षक संगठनों का कहना था कि कई सेवारत शिक्षक कंप्यूटर चलाने में सहज नहीं हैं। ऐसे में केवल ऑनलाइन परीक्षा होने से उन्हें परेशानी हो सकती है।स्कूल शिक्षा विभाग और कर्मचारी चयन मंडल के बीच चर्चा के बाद ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प देने पर सहमति बनने की बात सामने आई है। इससे कंप्यूटर के इस्तेमाल में असहज शिक्षक भी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
1000 रुपये परीक्षा शुल्क का भी विरोध
शिक्षक संगठनों ने परीक्षा के लिए निर्धारित 1000 रुपये शुल्क का भी विरोध किया है। संगठनों का तर्क है कि यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कराई जा रही है, इसलिए परीक्षा का खर्च सरकार को उठाना चाहिए।शिक्षकों की ओर से परीक्षा शुल्क में राहत देने की मांग की गई है, लेकिन इस पर अभी तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं हुआ है।
शिक्षकों के लिए जरूरी तारीखें
आवेदन की नई अंतिम तारीख: 18 सितंबर 2026
आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख: 20 सितंबर 2026
आवेदन प्रक्रिया शुरू: 21 अगस्त 2026
परीक्षा: सेवारत शिक्षकों के लिए TET