भोपाल: मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 2 और 3 सितंबर से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होगा। शुरुआत उत्तर-पूर्वी हिस्सों से होगी, जिसके बाद 4 और 5 सितंबर को भोपाल समेत मध्य क्षेत्र के जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।फिलहाल प्रदेश में नमी के कारण बादल छाए हुए हैं और उत्तरी हवाओं का असर बना हुआ है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र ओडिशा की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
2-3 सितंबर से फिर एक्टिव होगा मानसून
2 और 3 सितंबर से प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में जोरदार बारिश शुरू हो सकती है। इसके बाद मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के साथ 4 और 5 सितंबर को भोपाल समेत मध्यप्रदेश के मध्य हिस्सों में तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।इससे प्रदेश के कई जिलों में एक बार फिर बारिश का असर बढ़ने की संभावना है।
मंडला में 16 और सीधी में 11 मिमी बारिश
रविवार शाम तक मंडला में 16 मिलीमीटर और सीधी में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रीवा, सतना और जबलपुर में भी हल्की बूंदाबांदी हुई।भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे। बादल और नमी बढ़ने के कारण कई जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सीधी और सतना में दिन का तापमान 4 डिग्री से अधिक गिरा, जबकि सागर, रीवा, रायसेन, नौगांव, मंडला और गुना में करीब 3 डिग्री तक तापमान कम हुआ।
इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
सोमवार को सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर में बारिश के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
1 सितंबर को 3 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 1 सितंबर को सीधी, उमरिया और मंडला में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।ऐसे में इन जिलों में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।