भोपाल: मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज अगले तीन दिनों तक बदला हुआ रहने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे खासतौर पर पूर्वी और मध्य मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताए जा रहे हैं।
दो मौसम सिस्टम एक्टिव, बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश को प्रभावित करने वाले दो प्रमुख मौसम सिस्टम फिलहाल सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इसके अगले 48 घंटे में उत्तर ओडिशा और झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा मानसून ट्रफ भी सक्रिय है। एक अन्य ट्रफ दक्षिण गुजरात से मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक बनी हुई है। इन सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ेगी और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
सतना, उमरिया और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट
अगले 24 घंटे में सतना, उमरिया और बालाघाट में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना और श्योपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
पूर्वी MP में ज्यादा असर
अगले 48 घंटों में पूर्वी मध्यप्रदेश में मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। सिंगरौली, सीधी, रीवा, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, छतरपुर और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने सिवनी, बालाघाट, मंडला, मऊगंज, मैहर, डिंडोरी, अनूपपुर, सिंगरौली, सीधी और रीवा में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा जताया है। ऐसे में लोगों को नदी, नाले और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
तीसरे दिन कुछ राहत, लेकिन पूरी तरह साफ नहीं होगा मौसम
तीसरे दिन बारिश की तीव्रता कुछ क्षेत्रों में कम हो सकती है, लेकिन पूर्वी और दक्षिणी मध्यप्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना नहीं है। कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ स्थानीय स्तर पर गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
बीते 24 घंटे में रीवा-शहडोल में बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान रीवा और शहडोल संभाग में कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो ग्वालियर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।