मध्यप्रदेश में अगस्त के अंतिम सप्ताह में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। खासकर ग्वालियर-चंबल अंचल में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन और सक्रिय ट्रफ लाइन प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगी।
लगातार उमस और तेज धूप से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 अगस्त से बारिश की शुरुआत हो सकती है, जबकि 25 से 28 अगस्त के बीच मानसून का सिस्टम ज्यादा मजबूत रहने के आसार हैं।
23-24 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 23 और 24 अगस्त को ग्वालियर शहर के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवा और आंधी की स्थिति भी बनने की संभावना है। 25 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने का अनुमान है।
25 से 28 अगस्त तक मजबूत रहेगा मानसूनी सिस्टम
मौसम केंद्र के मुताबिक 25 से 28 अगस्त के बीच मानसून का प्रभाव सबसे ज्यादा रह सकता है। इस दौरान ग्वालियर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।26 अगस्त को गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि 27 अगस्त को बारिश की गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है। 28 अगस्त को भी हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
29 अगस्त को बादल और रिमझिम बारिश
29 अगस्त को आसमान में मुख्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर रुक-रुककर रिमझिम बारिश भी हो सकती है।इस तरह अगस्त के अंतिम सप्ताह में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है।
तापमान में आएगी गिरावट, गर्मी-उमस से राहत
बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। पिछले दिनों 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा अधिकतम तापमान इस सप्ताह घटकर करीब 28 से 30 डिग्री तक आ सकता है।रात का तापमान भी 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।
23 से 29 अगस्त तक तापमान का अनुमान
तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
23 अगस्त 33°C 27°C
24 अगस्त 32°C 27°C
25 अगस्त 32°C 27°C
26 अगस्त 32°C 28°C
27 अगस्त 33°C 28°C
28 अगस्त 33°C 27°C
29 अगस्त 34°C 28°C