भोपाल, 6 सितंबर 2026 | मध्यप्रदेश में बारिश का दौर रविवार को भी जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के 5 सितंबर को जारी नवीनतम अलर्ट के मुताबिक पूर्वी और पश्चिमी मध्यप्रदेश में 6 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ वज्रपात और तेज झोंकेदार हवा का भी खतरा बना हुआ है। राजधानी भोपाल में रविवार सुबह भी बारिश का दौर जारी है। मौजूदा IMD अलर्ट में भोपाल समेत कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी गई है।
गुना-शिवपुरी समेत इन जिलों में Heavy Rain Alert
6 सितंबर के जिला-स्तरीय पूर्वानुमान के मुताबिक गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा, सतना, छिंदवाड़ा, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक और तेज हवा भी चल सकती है। निचले क्षेत्रों में पानी भरने, छोटे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और कमजोर सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
भोपाल में सुबह से बारिश, Yellow Alert
राजधानी भोपाल में रविवार सुबह बारिश दर्ज की जा रही है। मौजूदा मौसम चेतावनी में भोपाल के लिए भारी बारिश का Yellow Alert भी सक्रिय है। भोपाल के साथ विदिशा, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के कई इलाकों में भी अगले 24 घंटों के दौरान तेज बौछारों और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
शिवपुरी-श्योपुर में पहले ही बरस चुका खूब पानी
पिछले 24 घंटे में ग्वालियर-चंबल अंचल के कई हिस्सों में जबरदस्त बारिश रिकॉर्ड की गई। बैराड़ में 152 मिमी, पोहरी में 145 मिमी और शिवपुरी में 135 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं कैलारस में 122 मिमी, सबलगढ़ में 117 मिमी और श्योपुर में करीब 110 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पहले से जमीन में काफी नमी और नदी-नालों में बढ़े पानी के कारण नई बारिश इन इलाकों में परेशानी बढ़ा सकती है।
क्यों लगातार बरस रहा पानी?
बारिश की मौजूदा गतिविधियों के पीछे उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के आसपास सक्रिय Low Pressure Area प्रमुख वजह है।
यह सिस्टम मानसूनी हवाओं को मध्यप्रदेश की ओर खींच रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश सक्रिय बनी हुई है। 6 सितंबर को भी मध्यप्रदेश में isolated heavy rainfall का अनुमान है।
7 सितंबर को भी नहीं थमेगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार, 7 सितंबर को भी पूर्वी और पश्चिमी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। 7 सितंबर के लिए खासतौर पर रीवा, सतना, कटनी, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और मैहर में भारी बारिश की संभावना वाली चेतावनी सामने आई है।
नदी-नालों और निचले इलाकों में रहें सावधान
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नदी, नाले, रपटे और जलभराव वाली सड़कों पर विशेष सावधानी जरूरी है। तेज पानी बहने वाले पुल या रपटे को पार करने की कोशिश न करें। वज्रपात के दौरान खुले खेत, ऊंची जगह और अकेले पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवा के दौरान कमजोर पेड़, बिजली के खंभों और अस्थायी ढांचों से दूरी रखें। किसानों को भी खेत में काम करते समय गरज-चमक शुरू होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।