भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 3 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। रीवा में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रीवा में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश, जबकि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रीवा में अति भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सीधी, मझगवां, सतना, कटनी, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर और मैहर में ऑरेंज अलर्ट है। नरसिंहपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
24 से 72 घंटे तक बारिश का दौर
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमी झारखंड और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून ट्रफ भी प्रदेश के आसपास सक्रिय है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास एक चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। वहीं अरब सागर से भी लगातार नमी प्रदेश की ओर पहुंच रही है। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले 24 से 72 घंटे तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
इन संभागों में ज्यादा असर
बारिश का असर विंध्य, बुंदेलखंड, महाकौशल और पूर्वी मध्यप्रदेश में ज्यादा देखने को मिल सकता है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और डिंडोरी समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत ज्यादा रहने का अनुमान है।
15 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा
लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अचानक बाढ़ (Flash Flood) का खतरा भी जताया है। इनमें:
अनूपपुर, बालाघाट, डिंडोरी, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, रीवा, सिंगरौली, सीधी, उमरिया, जबलपुर, पन्ना, सतना और दमोह शामिल हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को नदी, नाले और निचले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
अगले दिन भी साफ नहीं होगा मौसम
अगले दिन भी प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ होने के संकेत नहीं हैं। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी हिस्सों में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी मध्यप्रदेश में स्थानीय स्तर पर बौछारों और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से आंधी, बिजली चमकने और तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।