मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने समूह-3 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 को निरस्त कर दिया है। इस भर्ती के तहत सब इंजीनियर, मानचित्रकार और अन्य समकक्ष पदों पर नियुक्तियां होनी थीं।
पहले 1,040 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन अब दूसरे विभागों और शासकीय उपक्रमों से अतिरिक्त रिक्त पदों के मांगपत्र मिलने के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है। पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को उनकी फीस वापस की जाएगी।
1040 पदों पर शुरू हुई थी भर्ती
MPESB ने 18 अगस्त 2026 को समूह-3 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी किया था। इसी दिन से 1,040 रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू की गई थी।इस भर्ती में सब इंजीनियर, मानचित्रकार समेत अन्य समकक्ष पदों को शामिल किया गया था। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन कर रहे थे।
पदों की संख्या बढ़ने के कारण रद्द हुई परीक्षा
MPESB के मुताबिक विज्ञापन जारी होने के बाद विभिन्न विभागों और शासकीय उपक्रमों से सब इंजीनियर के रिक्त पदों को भरने के लिए अतिरिक्त मांगपत्र प्राप्त हुए हैं।इन नए पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने पर कुल रिक्तियों की संख्या बढ़ जाएगी। इसी वजह से मंडल ने मौजूदा विज्ञापन और भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करने का फैसला लिया है।
रूल बुक और आवेदन प्रक्रिया भी निरस्त
परीक्षा रद्द करने के साथ ही MPESB ने रूल बुक और पहले शुरू की गई आवेदन प्रक्रिया को भी निरस्त कर दिया है।अब सभी विभागों से प्राप्त अतिरिक्त रिक्तियों को शामिल करने के बाद नई भर्ती प्रक्रिया तैयार की जाएगी। इसके लिए संशोधित नियम पुस्तिका और नया विज्ञापन जारी होगा।
पहले आवेदन करने वालों की फीस होगी वापस
जिन अभ्यर्थियों ने 1,040 पदों वाली पिछली भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, उनके लिए राहत की बात है कि आवेदन शुल्क वापस किया जाएगा।हालांकि, पुरानी भर्ती के आधार पर किया गया आवेदन नई भर्ती के लिए मान्य नहीं होगा।
दोबारा करना होगा आवेदन
MPESB ने स्पष्ट किया है कि नया विज्ञापन जारी होने के बाद पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी नए सिरे से आवेदन करना होगा।नई भर्ती में सभी रिक्त पदों को शामिल किया जाएगा और इसके साथ नया परीक्षा कार्यक्रम एवं परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी।
जल्द जारी होगा नया विज्ञापन
मंडल की ओर से बताया गया है कि सभी रिक्त पदों को शामिल करने के बाद अपडेटेड नियम पुस्तिका और नया विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा।इसके साथ ही परीक्षा की नई तारीखें और आवेदन की समय-सारणी भी घोषित की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को MPESB की आगामी आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।