इंदौर: मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा 7 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी। इंदौर में इसके लिए 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 2,428 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
सुबह 10 बजे से होगी परीक्षा
परीक्षा रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही सत्र में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।
फर्जीवाड़ा रोकने के लिए त्रिस्तरीय जांच
परीक्षा में नकल और किसी भी तरह की धांधली रोकने के लिए त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण भी होगा। इसके साथ ही ई-प्रवेश पत्र की अनिवार्य स्कैनिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
इन सामानों को ही ले जा सकेंगे अभ्यर्थी
MPPSC परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को केवल जरूरी सामान ले जाने की अनुमति होगी। अभ्यर्थी अपने साथ:
- पारदर्शी पानी की बोतल
- नीला या काला बॉल पेन
- मूल पहचान पत्र ही ले जा सकेंगे। इसके अलावा अन्य सामान ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।