भोपाल: मध्य प्रदेश के लिए गर्व की खबर है। National Teachers Award 2026 के लिए प्रदेश के दो सरकारी शिक्षकों का चयन किया गया है। भोपाल की डॉ. अर्चना शुक्ला और सीधी जिले के शैलेंद्र प्रताप सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों शिक्षकों को 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
भोपाल की डॉ. अर्चना शुक्ला का चयन
भोपाल की डॉ. अर्चना शुक्ला सांदीपनि विद्यालय महात्मा गांधी में उच्च माध्यमिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, नवाचार और छात्रों के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उनके चयन से भोपाल सहित पूरे मध्य प्रदेश में खुशी का माहौल है।
सीधी के शैलेंद्र प्रताप सिंह भी राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित
सीधी जिले की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कंजवार में माध्यमिक शिक्षक के रूप में कार्यरत शैलेंद्र प्रताप सिंह का भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के विकास के लिए किए गए उनके प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
5 सितंबर को दिल्ली में होगा सम्मान
शिक्षक दिवस के मौके पर नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में देशभर से चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। मध्य प्रदेश से दो सरकारी शिक्षकों का चयन प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। डॉ. अर्चना शुक्ला और शैलेंद्र प्रताप सिंह को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलना न सिर्फ उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलने जैसा है।