भोपाल: नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा और गंभीर संकट को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। सरकार ने कहा है कि कंट्रोल रूम के जरिए नेपाल में प्रभावित मध्य प्रदेश के नागरिकों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
हेल्पलाइन और WhatsApp नंबर जारी
नेपाल में फंसे या प्रभावित मध्य प्रदेश के नागरिक और उनके परिजन सहायता अथवा जानकारी के लिए सरकार से संपर्क कर सकते हैं।
- हेल्पलाइन नंबर: 011-26772005
- WhatsApp नंबर: 9818963273
- ई-मेल: recp1mpbhawan@mp.gov.in
सरकार के मुताबिक, इन माध्यमों के जरिए नेपाल में मौजूद मध्य प्रदेश के नागरिकों की स्थिति और उनसे जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जरूरत के अनुसार सहायता पहुंचाने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाएगा।
नेपाल में बाढ़ से मची तबाही
नेपाल में बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ के बाद हालात गंभीर हो गए हैं। बाढ़ और आपदा की वजह से सैकड़ों लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इस आपदा के बीच भारत से मानसरोवर यात्रा और नेपाल घूमने गए नागरिकों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों में मध्य प्रदेश के कुछ नागरिक भी शामिल हो सकते हैं।
परिजन कंट्रोल रूम से ले सकेंगे जानकारी
मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के नागरिकों और उनके परिजनों से अपील की है कि नेपाल में किसी परिजन के फंसे होने या प्रभावित होने की स्थिति में दिए गए हेल्पलाइन, WhatsApp नंबर और ई-मेल के माध्यम से संपर्क करें। कंट्रोल रूम का उद्देश्य प्रभावित नागरिकों की जानकारी जुटाना, उनके परिजनों को आवश्यक सूचना उपलब्ध कराना और जरूरत पड़ने पर राहत एवं सहायता के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय करना है।