ओरछा। मध्य प्रदेश के ओरछा में चल रही भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति बैठक का आज दूसरा और अंतिम दिन है। बैठक के आखिरी दिन पार्टी की आगामी कार्ययोजना, संगठन को मजबूत करने और सेवा गतिविधियों को विस्तार देने को लेकर विस्तृत मंथन किया जाएगा।
‘सेवा संकल्प अभियान’ पर होगी कार्यशाला
कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:45 बजे ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें पार्टी के सेवा कार्यों और आगामी अभियानों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक समापन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी की आगामी प्राथमिकताओं और संगठनात्मक कार्यक्रमों की दिशा तय की जाएगी।
बूथ सशक्तिकरण और संगठन विस्तार पर फोकस
कार्यसमिति बैठक में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर रहेगा। पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकार की योजनाएं
बैठक में केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों तक उनके लाभ पहुंचाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। दो दिवसीय बैठक के अंतिम दिन बीजेपी आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक-सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर दिशा तय करेगी।