भुवनेश्वर: भुवनेश्वर में आयोजित ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर इंडिया’ में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) भोपाल की एथलीट पूजा ओला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से मध्य प्रदेश और देश का नाम रोशन हुआ है।
4:17.24 के समय के साथ हासिल किया पहला स्थान
पूजा ओला ने 1500 मीटर रेस में शुरुआत से ही अपनी गति और लय पर मजबूत पकड़ बनाए रखी। प्रतियोगिता के निर्णायक चरण में उन्होंने अपनी रफ्तार बढ़ाई और 4:17.24 का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। अंतिम चरण में पूजा ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए शानदार फिनिश किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
SAI भोपाल के लिए बड़ी उपलब्धि
पूजा ओला की इस सफलता को SAI मध्य क्षेत्रीय केंद्र (CRC) भोपाल के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी जीत से भारतीय एथलेटिक्स में SAI भोपाल की भूमिका और मजबूत हुई है।
SAI क्षेत्रीय निदेशक ने दी बधाई
पूजा की स्वर्णिम सफलता पर SAI मध्य क्षेत्रीय केंद्र भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूजा ओला की यह उपलब्धि SAI भोपाल और पूरे भारतीय एथलेटिक्स जगत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने पूजा के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।