धार। गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम सामने आया है। छोटा उदयपुर–धार नई रेल लाइन परियोजना के तहत प्रतापनगर से टांडा रोड के बीच रोजाना मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव पश्चिम रेलवे ने भेजा है। यह प्रस्ताव डेकाकुंड–टांडा रोड रेलखंड का रेल संरक्षा निरीक्षण पूरा होने के बाद सामने आया है।
प्रस्तावित ट्रेन सेवा शुरू होने से गुजरात के वडोदरा क्षेत्र और मध्यप्रदेश के आलीराजपुर अंचल के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा। साथ ही यात्रियों को रोजगार, शिक्षा, इलाज और कारोबार के लिए आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सुबह 5 बजे प्रतापनगर से चलेगी ट्रेन
पश्चिम रेलवे मुख्यालय की ओर से 28 अगस्त को जारी प्रस्ताव के मुताबिक, प्रतापनगर से मेमू ट्रेन सुबह 5 बजे रवाना होकर सुबह 9:35 बजे टांडा रोड पहुंचेगी।वापसी में टांडा रोड से ट्रेन शाम 5:05 बजे रवाना होकर रात 9:25 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी। प्रस्तावित सेवा की कुल दूरी 199.34 किलोमीटर होगी।दोनों दिशाओं में ट्रेन के लिए 12 डिब्बों की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके संचालन के लिए दो रेक की आवश्यकता बताई गई है।
डेकाकुंड-टांडा रोड रेलखंड का हुआ सुरक्षा निरीक्षण
मेमू सेवा शुरू करने के प्रस्ताव से पहले डेकाकुंड–टांडा रोड के बीच नवनिर्मित रेलखंड का रेल संरक्षा निरीक्षण पूरा किया गया है।20 अगस्त को करीब 15.77 किलोमीटर लंबे रेलखंड का रेल संरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण किया। इस दौरान पुल, पुलिया, रेल पथ, समपार, सीमित ऊंचाई वाले मार्ग, स्टेशन और सिग्नल सिस्टम समेत विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।विद्युतीकृत रेल लाइन पर गति परीक्षण भी किया गया। अब यात्री सेवा शुरू करने के लिए रेलवे बोर्ड की मंजूरी अगला महत्वपूर्ण चरण है।
छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना कितनी बड़ी?
छोटा उदयपुर–धार नई रेल लाइन परियोजना पश्चिम रेलवे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। परियोजना विवरण के मुताबिक इसकी कुल लंबाई 157 किलोमीटर है।परियोजना के अलग-अलग हिस्सों में निर्माण कार्य आगे बढ़ चुका है। खंडाला–जोबट और जोबट–डेकाकुंड जैसे रेलखंडों पर भी काम किया गया है। पश्चिम रेलवे के परियोजना मानचित्र में 72.34 किलोमीटर रेलखंड का काम पूरा और 84.66 किलोमीटर काम शेष दर्शाया गया था।केंद्र सरकार के मार्च 2026 के आंकड़ों में इस नई रेल लाइन परियोजना की लागत 1,794 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।
गुजरात और MP के बीच सीधा संपर्क होगा मजबूत
प्रतापनगर–टांडा रोड मेमू सेवा शुरू होने से गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच रेल संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। खासतौर पर आलीराजपुर और आसपास के आदिवासी अंचलों के लोगों के लिए गुजरात की ओर आवागमन आसान होने की उम्मीद है।रेल सेवा से रोजगार, शिक्षा, इलाज और व्यापार के लिए यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिल सकती है। सड़क परिवहन के मुकाबले रेल यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और किफायती विकल्प उपलब्ध करा सकती है।
अभी रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार
फिलहाल प्रतापनगर–टांडा रोड मेमू ट्रेन का प्रस्ताव मंजूरी की प्रक्रिया में है। रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद नए रेलखंड पर नियमित यात्री सेवा शुरू करने का रास्ता साफ होगा।