राजगढ़। राजगढ़ जिले के ब्यावरा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल बायपास ब्रिज पर तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ब्रिज की सेफ्टी वॉल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ऊपर की स्लीपर सीटों पर बैठे कुछ यात्री खिड़कियां टूटने के बाद ब्रिज के नीचे जा गिरे।हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
ब्रिज के कर्व पर अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। बस कानपुर से इंदौर जा रही थी। भोपाल बायपास ब्रिज पर कर्व के दौरान बस अनियंत्रित हो गई और सीधे सेफ्टी वॉल से टकरा गई।टक्कर के बाद बस की खिड़कियां टूट गईं। ऊपर की स्लीपर सीटों पर बैठे कुछ यात्री खिड़कियों से बाहर निकलकर ब्रिज के नीचे जा गिरे, जबकि कुछ लोग ब्रिज पर ही गिर गए।
हादसे में 4 लोगों की मौत
हादसा इतना भीषण था कि बस को भारी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। दुर्घटना में कुल 11 लोग घायल हुए हैं। इनमें चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद की और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में सहयोग किया।
घायलों को ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया
सभी घायलों को तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।