रतलाम: रतलाम में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो शिक्षकों और एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के 17 विद्यार्थी स्कूल स्टाफ के साथ पिकनिक मनाने पैराडाइज वैली पहुंचे थे। दोपहर में पानी के पास खेलते समय चार बच्चे अचानक पानी में गिर गए। बच्चों को बचाने के लिए दो शिक्षक पानी में उतरे, लेकिन एक छात्र को बचाने की कोशिश में वे गहरे पानी में चले गए।हादसे में शिक्षक प्रिंस मोदी , शिक्षक विजय सिंह राठौर और कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य विद्यार्थियों को बचा लिया गया, जिनमें से कुछ को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिकनिक के दौरान पानी में गिरे चार बच्चे
जानकारी के मुताबिक, त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 7वीं और 9वीं के करीब 17 विद्यार्थी रविवार सुबह 10:30 बजे स्कूल स्टाफ के साथ बस से जावरा से पैराडाइज वैली पहुंचे थे। सभी विद्यार्थी स्कूल के म्यूजिक ग्रुप से जुड़े बताए गए हैं।
विद्यार्थियों के साथ प्रिंसिपल संदीप सक्सेना समेत शिक्षक और स्कूल स्टाफ भी मौजूद था। दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच कुछ बच्चे पानी के पास खेल रहे थे। इसी दौरान दो बच्चों का पैर फिसल गया और वे पानी में चले गए।
छात्र को बचाने के लिए पानी में उतरे शिक्षक
पानी में बच्चों को डूबता देखकर शिक्षक प्रिंस मोदी और विजय सिंह राठौर तुरंत उन्हें बचाने के लिए पहुंचे। बचाव के दौरान छात्रा खुशी को पानी से बाहर निकाल लिया गया।लेकिन छात्र हर्षित पाटीदार को बचाने की कोशिश में दोनों शिक्षक गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों पानी में डूब गए।बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने तीनों को बाहर निकाला
स्थानीय लोगों ने हर्षित और दोनों शिक्षकों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें CPR देने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।एसडीईआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तीनों को पानी से बाहर निकाल लिया था।
तीन बच्चों को बचाया गया
हादसे में छात्रा खुशी , अन्वेष और सिद्धि को बचा लिया गया। खुशी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य बच्चों की भी चिकित्सकीय जांच कराई गई।हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजन
तीनों मृतकों के शवों को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। अपनों के शव देखकर परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।