रीवा में बुधवार शाम करीब 5 बजे गुढ़ नेशनल हाईवे नंबर-39 पर बदवार स्टैंड के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। रीवा से सीधी की ओर जा रही पवन ट्रैवल्स की बस को पीछे से आ रहे एक बल्कर ने टक्कर मार दी।टक्कर के बाद बल्कर पलट गया, जबकि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार बताए गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
3 लोगों की मौत, 8 गंभीर घायल
हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं 8 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा कई अन्य यात्रियों के भी घायल होने की सूचना है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रशासन की प्राथमिकता गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
बारिश के कारण सड़क पर थी फिसलन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय बारिश हो रही थी, जिसके कारण सड़क पर काफी फिसलन थी। बताया जा रहा है कि बल्कर तेज रफ्तार में था और चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एसडीएम ने बताया कि फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य फोकस सभी घायलों को बेहतर और उचित इलाज उपलब्ध कराने पर है।
रीवा से सीधी के बीच चलती थी बस
हादसे का शिकार हुई बस रोजाना करीब 240 किलोमीटर का सफर तय करती थी। यह बस रीवा से रवाना होकर चुरहट, बघोर, सीधी, पटपरा और अमिलिया तक जाती थी।
क्या होता है बल्कर?
बल्कर एक बड़े आकार का विशेष ट्रक या टैंकर होता है, जिसका इस्तेमाल भारी या खुले सामान के परिवहन में किया जाता है। इसका उपयोग आमतौर पर सीमेंट और रासायनिक पाउडर जैसी सामग्री को फैक्ट्री से निर्माण स्थल या रेडी मिक्स कंक्रीट प्लांट तक पहुंचाने में किया जाता है।बल्कर में विशेष कंप्रेसर लगा होता है, जिसकी मदद से हवा के दबाव के जरिए सामग्री को लोड और अनलोड किया जाता है।