रीवा। जिले में हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने के साथ सरकारी कार्यालय भी जलभराव की चपेट में आ गए। रीवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पानी भरने से अंदर रखे वर्षों पुराने महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और शासकीय दस्तावेज भी भीग गए। कई दस्तावेजों के खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
रिकॉर्ड बचाने में जुटा पुलिस प्रशासन
जलभराव की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रशासन की टीम ने कार्यालय में सफाई और जल निकासी का काम शुरू किया। पानी में भीगे दस्तावेजों को अलग कर उन्हें सुखाने और सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि रिकॉर्ड को ज्यादा नुकसान न पहुंचे।
जांच के बाद पता चलेगा कितना नुकसान
डीएसपी मुख्यालय हिमाली पाठक ने बताया कि अचानक हुए जलभराव के कारण कार्यालय में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज पानी की चपेट में आए हैं। इनमें वर्षों पुराने रिकॉर्ड भी शामिल हैं। फिलहाल सफाई और दस्तावेजों को सुरक्षित करने का काम जारी है। रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन हो सकेगा।
बारिश के बाद घरों में भी घुसा पानी
उधर, गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान अंतर्गत ग्राम पंचायत चौंडियार में भी तेज बारिश के बाद कई घरों में पानी भर गया। जलभराव की स्थिति को देखते हुए पंचायत ने मोर्चा संभाल लिया है।
नालियों की युद्धस्तर पर सफाई
गांव में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए नालियों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है। जहां जरूरत है, वहां पानी की निकासी के लिए कच्ची नालियों का निर्माण भी कराया जा रहा है। पंचायत स्तर पर जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर जल्द से जल्द समस्या दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।