मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज रीवा-सीधी हाईवे पर बस और बल्कर की टक्कर में हुई यात्रियों की मृत्यु पर गहन दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि का दुर्घटना अत्यंत हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है.।
मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख और घायलों को ₹1-1 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों से अपनी आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।
बस और बल्कर की टक्कर, खाई में गिरी बस
रीवा जिले में बुधवार शाम करीब 5 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार स्टैंड के पास नेशनल हाईवे-39 पर रीवा से सीधी जा रही यात्री बस की तेज रफ्तार बल्कर से टक्कर हो गई।
बताया गया कि बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। इसी दौरान अनियंत्रित बल्कर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क किनारे करीब 7 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जबकि बल्कर भी हादसे के बाद पलट गया।
हादसे में 5 यात्रियों की मौत, 21 से ज्यादा घायल
दुर्घटना में अब तक 5 यात्रियों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं 21 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर किया गया।