सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि और कैचमेंट एरिया से नदियों में भारी मात्रा में पानी आने के चलते बाढ़ का खतरा गंभीर हो गया है। जिला प्रशासन ने सतना, रामपुर बघेलान, कोटर, रघुराजनगर और नागौद तहसील क्षेत्रों में बाढ़ का रेड अलर्ट जारी किया है। सिमरावल नदी और उससे जुड़ी सहायक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी के खतरे के निशान से ऊपर जाने की स्थिति को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में अचानक जलभराव और बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। लोगों को नदी, नाले, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले जलमार्गों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
रामपुर बघेलान और कोटर के गांवों में बढ़ी चिंता
रामपुर बघेलान और कोटर तहसील के कई गांवों को संवेदनशील घोषित किया गया है। अकाउना, अबेर, इतौर, बर्दाढीह, कोरगंवा, गजिगवां, गौरैया, ढोढी, भातिगवां, मैनपुरा, गोलहटा, गढ़वा कला, टेढ़गवां, रजरवार, किचवरया, लॉलाक्ष, खोहर, घटबेलवा, कितहा पेपखार, मांझीहार पेपाखार, गढ़वा खुर्द, रघुनाथपुर, मढ़ी, सोनवर्षा, खामहा, रामनगर, कन्दवा, थथारा, माझीयार कोठार, पीपरक्षा, वनपरा, पिथेपुर, रेहुता, बरती, बेला और क्षिबौरा समेत आसपास के तटीय क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
रघुराजनगर में नदी किनारे के इलाकों पर नजर
रघुराजनगर तहसील के सुहास, रंगोली, सिमरावल तटीय सीमावर्ती गांव, अमौधा, बाबूपुर, महदेवा, इटौरा, पोंडी, बकिया और सकरिया समेत सतना एवं सिमरावल नदी के प्रवाह मार्ग में आने वाले निचले क्षेत्रों में भी प्रशासन अलर्ट है। जलस्तर बढ़ने पर खेतों, संपर्क मार्गों और निचली बस्तियों में पानी पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
नागौद में भी संवेदनशील गांवों में अलर्ट
नागौद तहसील में जसईपुर, सिंहपुर तटीय क्षेत्र, रहिकवारा, अमकहा, गंज और पिपरी समेत नदी सीमा से सटे निचले गांवों और बस्तियों में लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।
पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले स्थानों से रहें दूर
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित या संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें। नदी-नालों के पुल-पुलियों, रपटों और तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने की कोशिश न करें। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में बच्चों और बुजुर्गों समेत परिवार के सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने को प्राथमिकता देने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।
24 घंटे सक्रिय रहेगा बाढ़ कंट्रोल रूम
बाढ़ की स्थिति से निपटने और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर 24x7 बाढ़ कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है।
- जिला स्तरीय बाढ़ कंट्रोल रूम: 07672-223211
- स्थान: संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन, प्रथम तल, कक्ष क्रमांक एफ-19, सतना
- प्रभारी अधिकारी, राहत शाखा: 9993754244
- प्रभारी, बाढ़ कंट्रोल रूम: 9425520172
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से जलस्तर बढ़ने या किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम या स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की है।