सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में पुलिसकर्मी पर होटल के चौकीदार से मारपीट करने का आरोप लगा है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित होटल प्रतिहार का है। आरोप है कि शराब और आइसक्रीम लाने से मना करने पर पुलिसकर्मी ने चौकीदार के साथ मारपीट की। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चौकीदार के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। पीड़ित चौकीदार ने मामले में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
खाना खा रहा था चौकीदार, तभी होटल पहुंचा पुलिसकर्मी
जानकारी के मुताबिक, घटना 24 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे की है। उस समय होटल बंद था और होटल संचालक काउंटर बंद कर घर जा चुके थे। मौके पर सिर्फ चौकीदार रामदेव प्रजापति (40) मौजूद था, जो चित्रकूट जिले के मानिकपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। रामदेव शाम के समय खाना खा रहा था। इसी दौरान कोलगवां थाने में तैनात पुलिसकर्मी राहुल सिंह होटल पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने चौकीदार से शराब लाने को कहा।
शराब के बाद आइसक्रीम लाने को कहा
चौकीदार ने शराब लाने से इनकार किया तो पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर उससे आइसक्रीम लाने को कहा। रामदेव ने खाना खाने की बात कहते हुए आइसक्रीम लाने से भी मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मी ने चौकीदार के गाल पर थप्पड़ मार दिया।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना के दौरान मौके पर कुछ अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए और दोनों के बीच हो रहे विवाद में बीच-बचाव कराया। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया है। पीड़ित चौकीदार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई पर स्थिति स्पष्ट नहीं
फिलहाल इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक तौर पर की गई कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है। पुलिसकर्मी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।