सतना जिले में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार रात हुई बारिश के बाद बुधवार सुबह से जिला मुख्यालय समेत कई ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी है। मझगवां, बरौंधा और बिरसिंहपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने लगा है।
लगातार हो रही बारिश और चित्रकूट की मंदाकिनी नदी के संभावित बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी-नालों के किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक मध्यम से तेज बारिश की संभावना के बीच बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है।
बिरसिंहपुर में सबसे ज्यादा 5.3 इंच बारिश
मंगलवार को बीते 24 घंटे के दौरान सतना जिले में औसतन करीब ढाई इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान बिरसिंहपुर में सबसे ज्यादा 5.3 इंच बारिश दर्ज हुई, जबकि रामपुर में करीब 5 इंच पानी गिरा।अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। मझगवां में 3.1 इंच, रघुराजनगर में 2.3 इंच, सोहावल में 1.3 इंच, जबकि नागौद-जसो और उचेहरा में करीब 1.2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
सामान्य से 24 फीसदी ज्यादा बारिश
सतना जिले में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है। 1 जून से 1 सितंबर तक जिले में औसतन 44.1 इंच बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश की तुलना में करीब 24 प्रतिशत अधिक है।क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो बरौंधा-मझगवां में अब तक 52.5 इंच, बिरसिंहपुर में 51.2 इंच, रघुराजनगर में 48.4 इंच और रामपुर बघेलान में 47.1 इंच बारिश हो चुकी है।वहीं नागौद में 47 इंच, सोहावल में 46.8 इंच, उचेहरा में 32.3 इंच और जसो में 28.1 इंच बारिश दर्ज की गई है।
मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका
मझगवां, बरौंधा और बिरसिंहपुर के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर चित्रकूट की मंदाकिनी नदी पर पड़ने की आशंका है। बारिश का पानी बढ़ने के साथ नदी का जलस्तर भी बढ़ सकता है, जिससे चित्रकूट और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा गहरा सकता है।इसी को देखते हुए प्रशासन नदी किनारे बसे गांवों और निचली बस्तियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
अगले तीन दिन बारिश का दौर जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक सतना और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई है। बुधवार सुबह से ही जिले के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है।खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।
नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन का अलर्ट
लगातार बारिश को देखते हुए नदी और नालों के किनारे बसे गांवों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति पर नजर रख रहा है।बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो मंदाकिनी समेत क्षेत्र की अन्य नदियों और नालों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।