शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पिछले करीब 10 घंटे से लगातार तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जनजीवन प्रभावित हुआ है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं। सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में कम नजर आ रही है। बारिश से बचने के लिए कई लोग हाईवे पर बने ब्रिज के नीचे खड़े दिखाई दिए। मौसम की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने जिलेवासियों से सतर्क रहने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
बनास नदी का जलस्तर बढ़ा, पुल से ऊपर बहा पानी
लगातार बारिश के कारण बनास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। देवलोंद से सीधी और ब्यौहारी को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित बनास नदी के पुल के ऊपर से गुरुवार को पानी बहने लगा। इसके बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग को बंद कर दिया। पुलिस की टीम मौके पर तैनात है और लोगों को पुल पार करने से रोक रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वे उफनती नदी और पुल के आसपास जाने से बचें।
खेतों में भरा पानी, फसलों को नुकसान की आशंका
लगातार बारिश के कारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई खेतों में पानी भर गया है। कुछ स्थानों पर फसलें पानी में डूब गई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, सीधी थाना क्षेत्र में बनास नदी से एक शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आशंका जताई है कि तेज बहाव के कारण शव किसी दूसरे स्थान से बहकर यहां पहुंचा होगा। पुलिस शव की पहचान कराने में जुटी हुई है।
स्थानीय नाला भी उफान पर
बारिश के कारण सिंहपुर से खैरहा को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित स्थानीय नाले का जलस्तर भी बढ़ गया है। नाला उफान पर आने से इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF की टीम को अलर्ट रखा गया है।
कलेक्टर ने जारी की एडवाइजरी
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने जिलेवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण जिले के अलग-अलग हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। नागरिक अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनती नदियों-नालों के पास न जाएं तथा अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
इस साल अब तक 739.1 MM बारिश
शहडोल जिले में अब तक कुल 739.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में कम है। पिछले साल 20 अगस्त तक 816.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।