शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में नेशनल हाईवे-52 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। टुकराना जोड़ के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बस में सवार करीब 32 यात्री घायल हो गए। वहीं बस के ड्राइवर और क्लीनर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गुना से इंदौर जा रही थी स्लीपर बस
जानकारी के मुताबिक, पाटीदार ट्रैवल्स की स्लीपर बस गुना से इंदौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान शाजापुर बाईपास पर टुकराना जोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
बस में फंसा था ड्राइवर
हादसे में बस का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल होकर बस के अंदर ही फंस गया था। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। वहीं क्लीनर को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल शाजापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया।
32 यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही लालघाटी और सुनेरा थाना पुलिस की डायल-112 टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही हाईवे-1033 की टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायल यात्रियों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से जिला अस्पताल शाजापुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। करीब 32 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की सटीक वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर बस की तेज रफ्तार की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।