बीजेपी के दिग्गज नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी किया। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि, झारखंड का ये चुनाव ना केवल सरकार बदलने का चुनाव है बल्कि झारखंड का चुनाव झारखंड का भविष्य सुनिश्चित करने का चुनाव है।
सरहद की सुरक्षा करने वाली भाजपा सरकार चाहिए
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यहां आगे कहा कि, झारखंड की महान जनता ने तय करना है कि, आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई सरकार चाहिए या विकास के रास्ते पर पीएम मोदी के नेतृत्व में चलती हुई भाजपा सरकार चाहिए। बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, घुसपैठ कराकर झारखंड की अस्मिता रोटी, बेटी, माटी तीनों को खतरे में डालने वाली सरकार चाहिए या परिंदा भी पैर ना मार सके ऐसी सरहद की सुरक्षा करने वाली भाजपा सरकार चाहिए।
मैं हिसाब लेकर आया हूं- अमित शाह
बीजेपी नेता अमित शाह ने अपने इस संबोधन में आगे कहा कि, हेमंत सोरेन पीएम मोदी से 1 लाख करोड़ का हिसाब मांग रहे थे। मैं हिसाब लेकर आया हूं, अगर हिम्मत है तो इसका जवाब झारखंड की जनता दीजिए। जिस कांग्रेस और लालू प्रसाद की गोदी में आप बैठे हैं उनकी UPA सरकार ने 2004 से 2014 तक झारखंड को 10 साल में 84 हजार करोड़ देने का काम किया था। पीएम मोदी ने 2014 से 2024 के बीच में 3 लाख 8 हजार करोड़ रुपया झारखंड देने का काम किया।
महिलाओं को दिए जाएंगे 2100 रुपये
अमित शाह ने आगे दावा करते हुए कहा कि, गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री ने आगे कहा कि, दिवाली और रक्षाबंधन पर मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर दिए जाएंगे और सिलेंडर 500 रुपये में दिए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि, झारखंड के युवाओं के लिए 5 लाख रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।