मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने झारखंड में चुनावी प्रचार के दौरान विपक्ष पर कड़ा हमला बोला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सीएम डॉ मोहन यादव ने उन्हें ( राहुल गांधी ) 'फुस्सी बम' बताया तथा कहा कि, उनमें कोई दम नहीं है।
सीएम मोहन यादव का राहुल गांधी पर वार
झारखंड के पांकी में जनसभा को संबोधित करते हुए एमपी के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने सवाल किया कि, जब रामलला का गर्भगृह में प्रवेश हो रहा था, हेमंत सोरेन क्या गए थे? क्या उन्होंने अपनी पत्नी को भेजा था? क्या कोई कांग्रेस का नेता, उनका परिवार या भाई-बहन वहां गए थे? कोई नहीं गया। इसके बाद सीएम मोहन यादव ने लोगों से अपील की है कि, मतदान के दिन इतना जोर से बटन दबाएं कि, राहुल गांधी के गाल पर एक थप्पड़ पड़े।
JMM ने रांची को कराची में बदल दिया है
वहीं सीएम मोहन यादव ने झारखंड की सत्तारूढ़ झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन पर रांची को पाकिस्तानी शहर कराची में बदलने का आरोप लगाया। बीजेपी नेता का कहना था कि, झारखंड में हिंदू समुदाय को अत्याचार का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि, बांग्लादेश से घुसपैठ की वजह से झारखंड में हिंदू आबादी में गिरावट हो रही है तथा इसके लिए झामुमो एवं कांग्रेस जिम्मेदार हैं।
कांग्रेस बांग्लादेश से घुसपैठ को संरक्षण दे रहे हैं
उन्होंने आरोप लगाया कि, झामुमो और कांग्रेस बांग्लादेश से घुसपैठ को संरक्षण दे रहे हैं तथा वोट बैंक की राजनीति के चलते प्रदेश में हिंदुओं की घटती आबादी के पीछे ये दोनों दल हैं।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, कांग्रेस और उसके सहयोगी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्हें लगता है कि, जनता मूर्ख है। किन्तु आपका वोट एक नया सवेरा लाएगा तथा पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में झारखंड नंबर एक प्रदेश बनेगा।
राहुल की दादी ने ही आपातकाल लगाया था
इसके साथ ही जनता को संबोधित करते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि, जो लोग लोकतंत्र के खिलाफ हैं, जिनकी दादी ( कांग्रेस एवं राहुल गांधी ) ने आपातकाल लगाया था, वे अब स्वयं को गांधी कहकर अपने ही लोगों का अपमान कर रहे हैं। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने यह भी स्पष्ट तौर पर कहा कि, जनता ने अपना मन बना लिया है तथा इनका चुनाव में कोई जीतने का मौका नहीं है।
Comments (0)