यूपी की योगी सरकार की पहचान बन चुका बुलडोजर एक्शन अब जम्मू-कश्मीर में किए जाने की तैयारी हो रही है। राज्य के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि, अगर किसी ने आतंकियों को पनाह देने की कोशिश की तो उनके घर को जमींदोज कर दिया जाएगा। बता दें कि, एलजी सिन्हा ने प्रदेश के लोगों से आतंक के खिलाफ एकजुट होने का भी आह्वान किया है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, स्थानीय लोग, सुरक्षाबल और स्थानीय प्रशासन अगर एक हो जाए तो सालभर में जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद खत्म हो सकता है।
अगर लोग आतंकियों को पनाह देते हैं तो...
जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि, मैंने सुरक्षाबलों को निर्देश दिया है कि, वे किसी भी निर्दोष को नुकसान न पहुंचाएं, लेकिन दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। एलजी ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि, अगर कोई आतंकवादियों को पनाह देता है तो उसके घर को जमींदोज कर दिया जाएगा। इस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, कुछ लोगों का कहना है कि, आतंकवादियों को पनाह देने वालों पर अत्याचार हो रहे हैं। यह अत्याचार नहीं है, बल्कि न्याय की मांग है और ऐसा न्याय जारी रहेगा।
पाकिस्तान अशांति फैलाने का प्रयास कर रहा है
मनोज सिन्हा ने यहां अपने संबोधन में कहा कि, हमारा पड़ोसी ( पाकिस्तान ) अशांति फैलाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन यह हमें चिंतित नहीं कर रहा बल्कि यहां के लोग ही उसके निर्देश पर ऐसा कर रहे हैं यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि, ऐसे लोगों की पहचान करना सिर्फ सुरक्षा बलों और प्रशासन का ही काम नहीं है, बल्कि लोगों का भी काम है। उपराज्यपाल ने यहां यह भी कहा कि, अगर लोग आतंकियों को पनाह देते हैं और फिर कहते हैं कि हम उनके साथ अन्याय कर रहे हैं, तो यह सही नहीं है।
आतंकियों के साथ खड़े ना हो लोग
राज्य के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि, अगर लोग ऐसे तत्वों के खिलाफ खड़े नहीं होंगे, तो यह स्थिति कभी नहीं बदलेगी। उन्होंने आगे कहा कि, मेरा मानना है कि, जो लोग केवल औपचारिकता के लिए बयान जारी करते हैं, वे उनसे (आतंकवादियों) से भी बदतर हैं। आपको बता दें कि, उनकी यह टिप्पणी घाटी में आतंकवाद संबंधी घटनाओं में वृद्धि के बीच आई है।
Comments (0)