देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 5 दिन के लिए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तरप्रदेश में सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है। लोगों से अलर्ट रहने को कहा गया है।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम राजस्थान में रेड अलर्ट
उत्तर भारत के कई इलाके प्रचंड गर्मी की चपेट में हैं। लू के थपेड़ों से लोग परेशान हैं। करीब दो दर्जन जगहों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया।
राजस्थान के चूरू में तापमान 47 डिग्री पर पहुंच गया। इसके अलावा बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.9 और दिल्ली के मुंगेशपुर में 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम राजस्थान के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है।
अगले दो-तीन दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिमी राजस्थान में रातें और गर्म होने का अनुमान है।
राहत की कुछ बात ये है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के रविवार के आसपास दक्षिण अंडमान सागर, दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और निकोबार द्वीप समूह में आगे बढ़ने की संभावना है। इस बीच IMD ने केरल में अगले कुछ दिनों में अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है और 18, 19 और 20 मई के लिए राज्य के कुछ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह 19 मई से 22 मई के दौरान मेघालय, आंतरिक दक्षिणी कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में झमाझम बारिश हो सकती है।
Comments (0)