संजय सिंह को दिल्ली आबकारी घोटाले से जुड़े मनी लांड्रिग केस में गिरफ्तार किया गया है। ED का दावा है कि उसके पास संजय सिंह के खिलाफ पर्याप्त सबूत थे।अब संजय सिंह को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। गुरुवार सुबह आम आदमी पार्टी इस गिरफ्तारी के खिलाफ भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी। कैबिनेट मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज तथा पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि पार्टी आगे भी भाजपा सरकार की पोल ऐसे ही खोलती रहेगी। पूरे मामले पर राजनीति तेज है। विपक्ष ने जहां इसे मोदी सरकार का डर और तानाशाही करार दिया, वहीं भाजपा का कहना है कि यही आम आदमी पार्टी की सच्चाई है। भाजपा ने कहा कि आप नेताओं के भ्रष्टाचार की सच्चाई सामने आने लगी है।
वीडियो मैसेज में केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा
गिरफ्तार होने से पहले आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वीडियो मैसेज में केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। आप नेता ने कहा कि, दिनभर छापेमारी हुई। कुछ नहीं मिला तो ED ने जबरन गिरफ्तार कर लिया। संजय सिंह ने आगे इस वीडियों में कहा कि, मरना मंजूर है, झुकना मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि, आज ED अचानक मेरे घर पर पहुंची। दिन भर छापेमारी हुई। सारी जांच हुई। सब कुछ खोज डाला। कुछ नहीं निकला। फिर भी मेरी जबरन गिरफ्तारी की जा रही है। आप सांसद ने कहा कि, अभी विश्वभर की झूठी खबरें प्लांट की जाएंगी। दुनियाभर के झूठे समाचार फैलाए जाएंगे, लेकिन हम लोग आम आदमी पार्टी के सिपाही हैं। डरने वाले नहीं।
82 लाख रुपये का चंदा लेने का जिक्र
मिली जानकारी के अनुसार ED की चार्जशीट में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर 82 लाख रुपये का चंदा लेने का जिक्र है। इसी साल जनवरी में ED ने अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था। वहीं संजय सिंह ने दावा किया कि, ED ने उनका नाम गलती से जोड़ दिया है। जिस पर ED ने जवाब दिया कि, उनकी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम 4 जगह लिखा गया है। इनमें से 3 जगह नाम सही लिखा गया है।
जब उनके नेताओं पर कार्रवाई होती है तो उसको गलत ठहराती है
बीजेपी की ओर से आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने मीडिया सूत्रों के हवाले से कहा कि जो दस्तावेज संजय सिंह के यहां से मिले हैं, वो आम आदमी पार्टी के बहुत ऊपर तक पहुंच रहे हैं। ये किसी न किसी ऐसे व्यक्ति को फंसाएगी जो आम आदमी पार्टी की चेन में बहुत बड़ा है। आम आदमी पार्टी की नीति है कि सीना ठोककर घोटाला करो और पकड़े जाओ तो ड्रामा करो। जब आम आदमी पार्टी घोटाले को लेकर पंजाब में कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई करती है तो उसको सही ठहराती है लेकिन जब उनके नेताओं पर कार्रवाई होती है तो उसको गलत ठहराती है।
Read More: संजय सिंह की गिरफ्तारी पर गंभीर का तंज, बोले - शराब नाश करती है सेहत हो या चरित्र, फिर 'आप' का क्यों नहीं?
Comments (0)