'बंटोगे तो कटोगे' नारा देने वाले उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ अब पीएम मोदी का नारा भी रैलियों में दोहरा रहे हैं । उत्तर प्रदेश से लेकर चुनावी राज्य महाराष्ट्र और झारखंड तक योगी आदित्यनाथ का ये नारा गूंज रहा है। मुख्यमंत्री योगी लगभग हर रैलियों में हिंदुओं से एकजुट रहने की अपील के रूप में कह रहे हैं कि, 'बंटोगे तो कटोगे'। इसी तर्ज पर पीएम मोदी ने नारा दिया 'एक रहोगे तो सेफ रहोगे।
मैं बार-बार कहता हूं बंटो मत
उत्तर प्रदेश में 20 नवंबर को 9 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव है। इसमें अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट भी शामिल है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ के खैर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी कैंडिडेट के लिए प्रचार करने गए। यहां गरजते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, मैं बार-बार कहता हूं बंटो मत। इतिहास बताता है जब भी बंटे हैं, कटे हैं।
कांग्रेस जब भी सफल होगी, विभाजित करके सफल होगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, भारत के मुकुट को, भारत का स्वर्ग कहे जाने वाले कश्मीर को एक बार फिर आतंकवाद का गढ़ बनाने के लिए शरारत शुरू हो चुकी है। इसीलिए आपसे कहने के लिए आए हैं कांग्रेस जब भी सफल होगी, आपको विभाजित करके सफल होगी। इसलिए बटिए मत। सीएम ने यहां आगे अपनी रैली में कहा कि, इस देश का इतिहास बताता है कि, बंटे थे तो राम मंदिर का अपमान हमें झेलना पड़ा। मथुरा में भगवान कृष्ण का अपमान हमारे सामने आया था। भगवान विश्वनाथ का अपमान हमारे सामने आया था।
एक रहोगे तो सेफ रहोगे - CM योगी
यूपी के अलीगढ़ की एक रैली में राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि, क्या कुछ नहीं हुआ हमारी मां-बहन और बेटियों के साथ। अगर इन सबके बावजूद भी गांधारी की तरह आंखों पर पट्टी बांधकर जातियों के नाम पर बंटे हुए हैं, अपने स्वार्थों में बंटे हुए हैं तो कटने के सिवाय हमारी दूसरी नियती नहीं होगी। इसीलिए कहने आया हूं बंटो मत। बांटने वाले लोग आपके दुश्मन हैं। उन्होंने आगे कहा कि, आपको बांटने वाले लोग मीठी मीठी बातें बोलेंगे, इनके बहकावे में मत आओ। मैं कहता हूं कि बंटोगे तो कटोगे। एक रहोगे तो नेक रहोगे। एक रहोगे तो सेफ रहोगे।