हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार का संकट खत्म नहीं हुआ है। भाजपा का दावा है कि किसी दिन खबर आएगी कि हिमाचल में सरकार बदल गई है। वहीं अयोग्य करार दिए गए बागी विधायक भी कह रहे हैं कि सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार जल्द गिर जाएगी।
प्रतिभा सिंह बोलीं- आज कांग्रेस से जुड़े, कल का पता नहीं
हिमाचल प्रदेश में जारी सियासी संकट के बीच कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा, मैंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी में बिताया है। हमारी शुरुआत कांग्रेस पार्टी से हुई है। हम कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हैं। मैं नहीं कह सकती कि कल क्या हो सकता है।
बागी विधायकों से मिले विक्रमादित्य सिंह
इस बीच, विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार रात चंडीगढ़ में 6 बागी विधायकों से मुलाकात की। इसके बाद विक्रमादित्य सिंह दिल्ली रवाना हो गए। उनके दिल्ली दौरे पर सबकी नजर है। यदि यहां भाजपा नेताओं से मुलाकात होती है, तो सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर संकट गहरा जाएगा।
अयोग्य ठहराए जा चुके सभी 6 बागी विधायक अब भाजपा के पाले में है। इनका कहना है कि सरकार किसी भी वक्त गिर जाएगी।
हिमाचल में क्या है विधानसभा का गणित
• 6 विधायकों के बागी होने के बाद हिमाचल विधानसभा में सदस्यों की संख्या 68 से घटकर 62 रह गई है। इस स्थिति में बहुमत का आंकड़ा 32 है।
• अभी की स्थिति में कांग्रेस के पास 40 - 6 यानी 34 विधायक हैं। बहुमत से दो ज्यादा।
• भाजपा के अपने 25 और तीन निर्दलीय मिलाकर 28 विधायक हो रहे हैं। इस स्थिति में भाजपा को बहुमत के लिए चार विधायकों की दरकार है।
Comments (0)