भारत के संविधान की आज यानी की मंगलवार को 75वीं जयंती है। आपको बता दें कि, हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस खास मौके पर देश के संसद भवन में आज एक बड़ा कार्यक्रम आयोजन होने जा रहा है। इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान सदन में भारत के संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक डाक जारी किया।
संविधान सबको उनका हक देता है - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
संविधान दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि, संविधान सबको उनका हक देता है, ये हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के साथ नए युग की शुरुआत की गई है। संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि, आज अग्रणी अर्थव्यवस्था होने के साथ साथ हमारा देश विश्वबंधु की भूमिका भी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि, पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए कई कदम उठाए हैं। गरीबों को अपना घर मिल रहा है और देश में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करें - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कहा कि, 75 वर्ष पहले आज के ही दिन, संविधान भवन के इसी केंद्रीय कक्ष में, संविधान सभा ने संविधान निर्माण का बहुत बड़ा काम किया था। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करती हूं कि, वे संवैधानिक आदर्शों को अपने व्यवहार में अपनाएं और अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करें और 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में काम करें।
हमारा संविधान एक जीवंत और प्रगतिशील दस्तावेज़ है
संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि, हमारा संविधान एक जीवंत और प्रगतिशील दस्तावेज़ है। अपने संविधान के माध्यम से हमने सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लक्ष्य हासिल किए हैं। आपको बता दें कि, इस कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल हुए थे।
भारत के संविधान को 1949 में आज ही के दिन अंगीकार किया गया
भारत के संविधान को 1949 में आज ही के दिन अंगीकार किया गया था। इस साल संविधान को अंगीकार किए जाने के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर पुराने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष, जिसे अब संविधान सदन कहा जाता है, में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, संसद सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
Comments (0)