उत्तरकाशी जिले के मुख्य न्यायालय को बम होने की सूचना मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद जिला जज ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराने का आदेश दिया। पुलिस ने तुरंत कोर्ट परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों के साथ मिलकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई
पुलिस और इंटेलिजेंट टीम ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है और संभावित खतरे का तुरंत मुकाबला करने के लिए अलर्ट मोड़ पर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी अदालत परिसरों को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस धमकी के आधार पर प्रशासन ने संबंधित विभागों को सूचित किया और तुरंत सुरक्षा प्रबंधों को कड़ा कर दिया। जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले की जांच आईटी और खुफिया टीमों द्वारा की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि खतरे की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले नागरिकों और वकीलों को सुरक्षा व्यवस्था की वजह से थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी को भी खतरा नहीं है। यह मामला अब उच्च स्तरीय जांच और सुरक्षा उपायों के तहत आगे बढ़ रहा है ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना को रोका जा सके।
Comments (0)