नई दिल्ली - मध्यप्रदेश इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट–2026 में एआई-सक्षम शासन, डीप-टेक नवाचारों और स्टार्टअप आधारित समाधानों के माध्यम से अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। यह समिट 16 से 20 फरवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से नीति निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ, स्टार्टअप्स और उद्योग प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।
भारत मंडपम में सजेगा ‘मध्यप्रदेश पैवेलियन’
समिट के दौरान मध्यप्रदेश का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग “मध्यप्रदेश पैवेलियन” स्थापित कर राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा। यह पैवेलियन प्रदर्शनी हॉल–4 के प्रथम तल पर बूथ क्रमांक 4F32 एवं 4F34 में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से सायं 6 बजे तक आम दर्शकों और विशेषज्ञों के लिए खुला रहेगा। पैवेलियन में एआई-सक्षम शासन मॉडल, डीप-टेक नवाचारों और डिजिटल समाधान आधारित अनुप्रयोगों का समग्र और व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा।
एआई-सक्षम शासन और नवाचारों का व्यापक प्रदर्शन
मध्यप्रदेश पैवेलियन में शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने हेतु विकसित एआई समाधानों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह सहभागिता जनवरी 2026 में भोपाल में आयोजित रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस के बाद हो रही है, जहाँ राज्य ने शासन, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, शहरी तंत्र और औद्योगिक स्वचालन जैसे क्षेत्रों में एआई के सफल उपयोग का प्रदर्शन किया था।
स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई आधारित समाधान
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा विकसित एआई अनुप्रयोगों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें टीबी जोखिम पूर्वानुमान प्रणाली, एआई आधारित मल्टीमॉडल टीबी स्क्रीनिंग समाधान, मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य के लिए संवादात्मक एआई प्लेटफॉर्म ‘सुमन सखी’ तथा शासकीय अस्पतालों में निदान दक्षता बढ़ाने हेतु एआई-सहायित रेडियोलॉजी निर्णय समर्थन पायलट शामिल हैं, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सटीक और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
ग्रामीण विकास में डेटा आधारित योजना निर्माण
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मनरेगा के लिए विकसित एआई-चालित जिला प्रदर्शन प्रतिवेदन प्रणाली प्रदर्शित की जाएगी। यह प्रणाली लाइव एपीआई डेटा के माध्यम से केपीआई बेंचमार्किंग, अपवाद पहचान और ब्लॉक एवं पंचायत स्तर तक एआई-जनित अंतर्दृष्टियाँ उपलब्ध कराकर जमीनी स्तर पर योजना निर्माण, निगरानी और पारदर्शिता को सुदृढ़ बनाती है।
शहरी प्रशासन में स्मार्ट एआई अनुप्रयोग
शहरी प्रशासन एवं विकास संचालनालय द्वारा शहरी सेवाओं के डिजिटलीकरण और दक्ष प्रबंधन हेतु विकसित एआई समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें एमपी अर्बन लॉकर, जेनरेटिव एआई आधारित जीआईएस ‘गरुड़ लैब’, एआई-सक्षम फ्लीट एवं ईंधन प्रबंधन प्रणाली तथा ई-नगर पालिका एकीकरण ढांचा शामिल हैं, जो स्मार्ट सिटी और डिजिटल नगर प्रशासन की दिशा में राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
पर्यटन प्रोत्साहन के लिए उन्नत डिजिटल अनुभव
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा पैवेलियन में उन्नत डिजिटल इंटरफेस आधारित नवाचार प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें होलोग्राफिक डिस्प्ले, महाकाल दर्शन का डिजिटल अनुभव, इंटरैक्टिव डिजिटल कियोस्क और वीआर आधारित 360-डिग्री पर्यटन सहभागिता समाधान शामिल हैं, जो प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को आधुनिक तकनीक के माध्यम से वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
एमपीएसईडीसी और स्टार्टअप इकोसिस्टम की भागीदारी
मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एमपीएसईडीसी) द्वारा संप्रभु एआई, स्टार्टअप इनक्यूबेशन, डिजिटल गवर्नेंस प्लेटफॉर्म और निवेश प्रोत्साहन से जुड़ी पहलों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित राज्य के विभिन्न नवाचार केंद्रों से स्टार्टअप्स उत्पादन-तैयार एआई समाधान प्रस्तुत करेंगे, जिनमें बहुभाषी डिजिटल अवतार, टेली-फिजियोथेरेपी उपकरण, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल हेतु एआई एजेंट, डिजिटल ट्विन, एआई आधारित कृषि एवं फसल निदान प्रणाली, रोबोटिक्स और जेनरेटिव एआई आधारित सृजनात्मक तकनीक शामिल हैं।
टियर–2 प्रौद्योगिकी नेतृत्वकर्ता के रूप में मध्यप्रदेश
भारत मंडपम, नई दिल्ली में स्थापित मध्यप्रदेश पैवेलियन सार्वजनिक स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, औद्योगिक स्वचालन और उभरती प्रौद्योगिकियों को एकीकृत करते हुए राज्य के समग्र एआई पारिस्थितिकी तंत्र का प्रतिनिधित्व करेगा। इस पहल के माध्यम से मध्यप्रदेश एआई आधारित शासन और आर्थिक परिवर्तन की दिशा में निरंतर अग्रसर रहते हुए स्वयं को देश के अग्रणी टियर–2 प्रौद्योगिकी नेतृत्वकर्ता राज्यों में स्थापित कर रहा है।
Comments (0)