भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट नंबर G1/118B में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां चल रही एक निजी औद्योगिक इकाई में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में भयावह रूप ले लिया। सुबह 9 बजकर 52 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम से रीको फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री में मौजूद केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री धुएं और लपटों से घिर गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में आठ श्रमिकों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान आठ शव बाहर निकाले गए। कई शव बुरी तरह झुलस चुके थे, जिससे उनकी पहचान करना कठिन हो रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 20 से 25 मजदूर मौजूद थे। कुछ कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन कई अंदर ही फंस गए थे।
भिवाड़ी फैक्ट्री में बन रहे थे पटाखे?
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों, बचाव दल और मेडिकल टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तिजारा डीएसपी , भिवाड़ी और एडीएम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस बीच यह भी दावा किया जा रहा है कि फैक्ट्री के एक हिस्से में पटाखों का निर्माण किया जा रहा था और आग की शुरुआत उसी हिस्से से हुई, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कंपनी की ओर से अब तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
Comments (0)