रायपुर - छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते रविवार को राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सबसे अधिक तापमान रायपुर में दर्ज किया गया
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों की बात करें तो बिलासपुर में अधिकतम 31.4°C, जगदलपुर में 32.3°C और राजनांदगांव में 32.7°C तापमान दर्ज किया गया। अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा नहीं हुई और मौसम पूरी तरह शुष्क रहा।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे
वहीं मौसम विभाग ने बताया है कि, 16 फरवरी को राजधानी रायपुर में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 33°C और न्यूनतम 19°C के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं बिलासपुर में भी दिन में गर्मी बढ़ रही है, जहां रविवार को न्यूनतम 16.4°C और अधिकतम 31.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने नागरिकों को दी ये सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है, इसलिए आने वाले सात दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का प्रभाव बना रहेगा। मौसम विभाग ने नागरिकों से धूप से बचाव, पर्याप्त पानी पीने और सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।
Comments (0)