T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 55वें मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली।भारतीय टीम की पाकिस्तान पर धमाकेदार जीत पर एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव, छग के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने टीम को शुभकामनाएं और बधाई दी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने टीम इंडिया को दी बधाई
सीएम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा है कि, महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए टी-20 विश्व कप मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रनों से पराजित कर राष्ट्र का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे जांबाज खिलाड़ियों ने संयम, रणनीति और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए यादगार जीत दर्ज की। यह क्षण करोड़ों देशवासियों के लिए गर्व, उत्साह और उल्लास का अवसर है। मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को इस गौरवपूर्ण सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
यह सिर्फ जीत नहीं, एक जश्न है पूरे भारत का
वहीं एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी भारतीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तान टीम पर इस शानदार जीत पर बधाई दी है। आपको बता दें कि, सीएम यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है कि, यह सिर्फ जीत नहीं, एक जश्न है पूरे भारत का... इसके साथ ही उन्होंने आगे लिखा है कि, T20WorldCup2026 के रोमांचक मुकाबले में हमारी भारतीय टीम के धुरंधर खिलाड़ियों की पाकिस्तान पर गौरवशाली जीत की देशवासियों और विशेषकर टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई।
भारत की टीम पर 140 करोड़ भारतीयों के गर्व
टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम की शानदार जीत पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खुशी और गर्व व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आज ICC Men's T20 World Cup में भारतीय टीम ने केवल एक मुकाबला नहीं जीता, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के गर्व और विश्वास को नई ऊँचाई दी है। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने अपने संदेश में टीम इंडिया के जज़्बे और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि हर गेंद में संघर्ष, हर रन में भरोसा और पूरे मैच में भारत की शान साफ झलकती रही। उन्होंने इसे केवल एक खेल परिणाम नहीं, बल्कि नई उम्मीद, नई प्रेरणा और नए जोश का प्रतीक बताया।
प्रदेश के कई शहरों में प्रशंसकों ने जश्न मनाया
उन्होंने खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और धैर्य को जीत की कुंजी बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। शर्मा ने कहा कि भारतीय टीम ने जिस तरह दबाव में संतुलन बनाए रखा, वह टीम भावना और नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। खेल प्रेमियों और क्रिकेट प्रशंसकों में भी इस जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। रायपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में प्रशंसकों ने जश्न मनाया और टीम के प्रदर्शन की सराहना की। सोशल मीडिया पर भी भारतीय खिलाड़ियों के लिए बधाइयों का सिलसिला जारी रहा। उपमुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की यह जीत देश की एकता, विश्वास और अटूट संकल्प का प्रतीक है, जो हर भारतीय को गर्व से भर देती है।
Comments (0)