देश के पहाड़ी राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी क्षेत्रों में दो सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण अगले दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसका असर मैदानी राज्यों पर भी दिखाई देगा, जहां कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।
डोडा में एवलांच, टूरिस्ट वाहन फंसे
जम्मू और कश्मीर के डोडा जिले में रविवार शाम करीब 5 बजे भद्रवाह-पठानकोट इंटर-स्टेट रोड पर हिमस्खलन (एवलांच) हो गया। घटना थांथेरा और गुलदांडा के बीच की बताई जा रही है। एवलांच के कारण यहां 40 से अधिक पर्यटक वाहन रास्ते में फंस गए थे, जिन्हें प्रशासन और राहत टीमों ने एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड में गुंजी-आदि कैलाश मोटर मार्ग पर जमी करीब 10 फीट बर्फ को सीमा सड़क संगठन (BRO) ने हटाया। यहां तापमान माइनस 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
MP, राजस्थान और पंजाब में भी बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश में 18-19 फरवरी के बीच हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि फिलहाल कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। रविवार को खंडवा और खरगोन में अधिकतम तापमान 34°C के पार दर्ज किया गया, जबकि 16 जिलों में तापमान 30°C से ज्यादा रहा। वहीं राजस्थान में भी गर्मी का असर दिख रहा है। बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर और फलोदी समेत 13 जिलों में तापमान 30°C से ऊपर रहा, जबकि बाड़मेर में सबसे अधिक 35°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में 17-18 फरवरी को बारिश की संभावना जताई है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी इसी अवधि के दौरान मौसम बदलने और बारिश होने के आसार हैं।
अगले 2 दिन का मौसम अपडेट
17-18 फरवरी: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में बर्फबारी की संभावना
17-18 फरवरी: मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश के आसार
Comments (0)