भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र की पहली कार्रवाई के रूप में सदन में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल विधानसभा को संबोधित करेंगे।
सरकार की उपलब्धियां और आगे की दिशा
राज्यपाल अपने अभिभाषण में मोहन सरकार के कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभावों को सदन के सामने रखेंगे। वर्ष 2023 के संकल्प पत्र में किए गए वादों की प्रगति और भविष्य की प्राथमिकताओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
श्रद्धांजलि के साथ होगी दिनभर की कार्यवाही
अभिभाषण के पश्चात सदन में हाल ही में दिवंगत हुई प्रमुख हस्तियों और जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद पक्ष और विपक्ष के सदस्य अपने विचार व्यक्त करेंगे। पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता प्रस्ताव भी रखा जाएगा।
16 फरवरी से 6 मार्च तक चलेगा सत्र
मध्य प्रदेश विधानसभा का यह बजट सत्र 16 फरवरी से 6 मार्च तक आयोजित होगा। सत्र के दौरान विधानसभा को कुल 3478 प्रश्नों की सूचनाएं मिली हैं। इसके अलावा 236 ध्यानाकर्षण, 10 स्थगन प्रस्ताव और 41 अशासकीय संकल्प सदन में पेश किए जाएंगे। शून्य काल में 83 अहम मुद्दे उठाए जाएंगे।
बजट सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच प्रदेश के विकास, बजट और नीतिगत मुद्दों पर व्यापक चर्चा देखने को मिलेगी।
Comments (0)