भोपाल - 16 फरवरी 2026 से राज्य विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। यह सत्र 6 मार्च तक चलेगा और इसकी शुरुआत मंगू भाई पटेल के अभिभाषण से होगी। अपने संबोधन में राज्यपाल मोहन यादव सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और विकास कार्यों का उल्लेख करेंगे।
12 बैठकें, हजारों सवाल
इस बजट सत्र में कुल 12 बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है। सदन में विधायकों द्वारा 3478 प्रश्नों की सूचना दी गई है। इसके अलावा 236 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 10 स्थगन प्रस्ताव और 41 अशासकीय संकल्प प्रस्तुत किए जाएंगे। शून्य काल में 83 मुद्दे उठाए जाने की संभावना है।
वित्त मंत्री वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे
सत्र की सबसे महत्वपूर्ण तारीख 18 फरवरी होगी, जब उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इस बार बजट पूरी तरह पेपरलेस होगा और डिजिटल माध्यम से सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।
हंगामेदार सत्र के आसार
सत्र के हंगामेदार रहने के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के भोपाल स्थित आवास पर विधायक दल की बैठक बुलाई है, जिसमें सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी।
विपक्ष के एजेंडे में इंदौर का दूषित पानी कांड
विपक्ष के एजेंडे में इंदौर का दूषित पानी कांड और छिंदवाड़ा का कफ सिरप कांड प्रमुख मुद्दे रहेंगे। हाल की घटनाओं के बाद इन मामलों में कई मौतों से जनता में आक्रोश है, जिसे कांग्रेस सदन में जोरदार ढंग से उठाने की तैयारी में है।
बीजेपी भी बनाएगी जवाबी रणनीति
विधानसभा सत्र को लेकर बीजेपी भी अपनी रणनीति तय करेगी। 17 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित होगी, जिसमें विपक्ष के सवालों का जवाब देने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। मंत्रियों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे विभागीय तैयारियों के साथ सदन में उपस्थित रहें।
गौरतलब है कि शीतकालीन सत्र के दौरान भाजपा विधायकों ने भी सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए थे। ऐसे में यह बजट सत्र राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Comments (0)