उत्तरप्रदेश के 18 जिलों की अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। ई-मेल के जरिए भेजी गई इस धमकी के बाद सभी कोर्ट परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार राजधानी लखनऊ, मेरठ, अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़ और अमरोहा समेत कुल 18 जिला अदालतों को ई-मेल के माध्यम से धमकी दी गई है। ईमेल में दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और न्यायालय प्रशासन सक्रिय हो गया।
पुलिस ने शुरू किया सघन तलाशी अभियान
धमकी की सूचना मिलते ही संबंधित जिलों में कोर्ट परिसरों को एहतियातन खाली करा लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए प्रवेश द्वारों पर जांच बढ़ा दी गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें भी मौके पर पहुंचकर हर कोने की तलाशी ले रही हैं। पूरे परिसर की चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि की जा सके।
दो दिन पहले भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी उत्तर प्रदेश की कई जिला अदालतों को इसी तरह ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जो बाद में फर्जी साबित हुई थी। ऐसे में दोबारा धमकी मिलने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है।
Comments (0)