रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज संगठन की एक अहम बैठक आयोजित की गई। नई प्रदेश टीम के गठन के बाद यह पहली बड़ी बैठक थी, जिसमें सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और संगठन महामंत्री पवन साय विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की रीति-नीति, कार्यशैली और दायित्वों के प्रभावी निर्वहन को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
नेताओं ने संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक टिप्स और रणनीतिक मंत्र साझा करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि बीजेपी में एक चुनाव समाप्त होते ही अगले चुनाव की तैयारी शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी शांतिकाल में भी युद्धस्तर पर तैयारी करती है, ताकि हर परिस्थिति में संगठन सशक्त और सक्रिय बना रहे।
बैठक के समापन के बाद सांसद संतोष पांडे ने भी पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता, बूथ स्तर तक मजबूती और जनसंपर्क को बढ़ाने पर जोर दिया।
कुल मिलाकर, यह बैठक आगामी चुनावी अभियानों की रणनीति तय करने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। नई टीम के साथ बीजेपी ने मिशन मोड में काम करने के संकेत दे दिए हैं।
Comments (0)