पीएम मोदी ने मंगलवार को वाराणसी में 'नारी शक्ति संवाद' कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि, सपा वाले बेशर्मी से कहते थे कि लड़के हैं, लड़कों से तो गलती हो जाती है। मगर, आज समाजवादी पार्टी के लड़के जरा गलती करके दिखाएं। मुख्यमंत्री योगी की सरकार उनका वो हाल करेगी, जो उन्होंने सोचा भी नहीं होगा।
इंडी गठबंधन वाले महिला आरक्षण का विरोध करते हैं
'नारी शक्ति संवाद' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, पिछले 10 वर्षों में सरकार की नीतियों से लेकर फैसलों तक में हमारी माताएं, बहनें केंद्र में आई हैं। इस पर उतनी चर्चा भले ही ना हुई हो, किन्तु ये भारत की सक्सेस स्टोरी का एक बहुत बड़ा फैक्टर है। पीएम ने जनता से कहा कि, आप बताईए, जब आपके बिना घर नहीं चलता है तो देश आपके बिना कैसे चल जाता? ये बात 60 सालों तक सरकारों को समझ में ही नहीं आईं। विपक्ष पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने महिलाओं के साथ क्या किया? सिर्फ उपेक्षा एवं असुरक्षा। इंडी गठबंधन की मानसिकता ही महिला विरोधी है। इंडी गठबंधन वाले महिला आरक्षण का विरोध करते हैं।
सपा सरकार में महिलाओं का जीना दूभर था
अपने इस संबोधन में पीएम मोदी ने आगे यह भी कहा कि, जहां इनकी सरकार आती है, महिलाओं का जीना दूभर हो जाता है। बनारस के लोग तो उत्तर प्रदेश, बिहार दोनों में रहे। जंगलराज से परिचित हैं। बहन, बेटियों का घर से निकलना कठिन था। बेटियों को सुरक्षा के डर से पढ़ाई छोड़कर घर पर बैठना पड़ता था तथा समाजवादी पार्टी वाले बेशर्मी से बोलते थे कि, लड़के हैं, लड़कों से तो गलती हो जाती है। आज समाजवादी पार्टी के लड़के जरा गलती करके दिखाएं, योगी जी की सरकार उनका वो हाल करेगी, जो उन्होंने सोचा भी नहीं होगा।
Comments (0)