लोकसभा चुनाव 2024 में सीएम योगी ने सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, जिलों में आईआईटी एम्स एनआईटी बन रहे हैं। विकास का नया कीर्तिमान स्थापित हो रहा है। हमारी सरकार दीपावली होली पर निशुल्क सिलेंडर दे रही है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, 70 वर्ष से ऊपर के लोगों को भी अब स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। आवास से वंचितों को आवास दिया जाएगा।
देश में अबकी बार चार सौ पार का नारा गूंज रहा है
सीएम योगी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, पूरे देश में फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार चार सौ पार का नारा गूंज रहा है। उन्होंने आगे कहा कि, समाजवादी पार्टी राज्य के 63 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, सब जगह उसकी जमानत जब्त हो रही है। इंडी एलायंस जनसभाओं में भीड़ न आने से घबरा गई है। जिससे दोनों लड़के झूठ बोलने लगे हैं।
हमारी सरकार में गुंडे व भू माफिया जेल में हैं
उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार में गुंडे व भू माफिया जेल में हैं, कुछ का राम नाम सत्य हो गया है, कुछ को उल्टा लटका दिया गया। समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए सीएम योगी ने कहा कि, सपा माफियाओं को संरक्षण देती है, इसलिए हमारे इस कदम से उसको पीड़ा हो रही है। कांग्रेस के शासनकाल में रोज आतंकी हमले होते थे। आज सीमापार के आतंकी खामोश हो गए हैं। सीएम ने आगे कहा कि, पड़ोसी को पता है कि, यह आज का हिंदुस्तान है छेड़ने पर छोड़ेगा नहीं।
...तो हमारे पास पटाखा है क्या
यूपी के मुखिया योगी ने कहा कि, सपा-कांग्रेस बोलती है पाकिस्तान के खिलाफ न बोलो उसके पास एटम बम है...तो हमारे पास पटाखा है क्या। यदि पड़ोसी ने ऐसा दुस्साहस किया तो नक्शे से उसका नामो निशान मिट जाएगा। इसके साथ ही बीजेपी नेता ने कहा कि, आज सीमाएं सुरक्षित हैं, देश का चौमुखी विकास हो रहा है। कार्डधारकों का मुफ्त इलाज हो रहा है। शुद्ध पेयजल, शौचालय, उज्जवला योजना से ग्रामीण जीवनशैली बदल गई है। इंसेफलाइटिस पर अंकुश लग गया है।
Comments (0)