लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी का दावा किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि, महाराष्ट्र में हमारा वोट कम नहीं हुआ, बल्कि बीजेपी का वोट ज्यादा बढ़ा है। वहीं आगे राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि, महाराष्ट्र में बीते 5 साल में 32 लाख वोटर जुड़े, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के बीच 39 लाख वोटर जोड़े गए। इस दौरान उन्होंने पूछा कि विधानसभा चुनाव से पहले इतने वोटर कहां से आए?
महाराष्ट्र में वयस्क जनसंख्या से ज्यादा वोटर
कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में एनसीपी-शरद पवार की नेता सुप्रिया सुले और शिवसेना (UBT) के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने कहा कि, महाराष्ट्र की सरकार के अनुसार, राज्य में 9.54 करोड़ वयस्क हैं। वहीं चुनाव आयोग के मुताबिक, महाराष्ट्र में 9.7 करोड़ वोटर हैं। इसका मतलब कि, आयोग जनता से कह रहा है कि, महाराष्ट्र में पॉपुलेशन से ज्यादा वोटर हैं। ये कैसे हो सकता है।
कामठी विधानसभा सीट का किया जिक्र
कामठी विधानसभा सीट का जिक्र करते हुए कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, कांग्रेस को लोकसभा में 1.36 लाख वोट मिले और विधानसभा में 1.34 लाख लेकिन बीजेपी का वोट 1.19 लाख से बढ़कर 1.75 लाख हो गया। यानी नए वोटरों ने बीजेपी को वोट दिया।
बड़े पैमाने पर वोटरों के नाम काटे गए हैं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस दौरान यह भी कहा कि, हमें दोनों चुनावों में वोटर लिस्ट का ब्यौरा चाहिए। बड़े पैमाने पर वोटरों के नाम काटे गए हैं, जिनमें ज्यादातर दलित हैं। पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि, चुनाव आयोग सवालों के जवाब नहीं देता। चुनावों में पारदर्शिता की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है।
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से मांगी वोटर लिस्ट
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट की मांगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने पूछा कि चुनाव आयोग हमें लिस्ट क्यों नहीं दे रहा है। हमें वोटर लिस्ट की पूरी जानकारी चाहिए। इसके बाद चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, चुनाव आयुक्त की नियुक्ति करने वाली कमेटी से CJI को हटा दिया गया। लोकसभा चुनाव से पहले दो नए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की गई।
Comments (0)