रायगढ़ - रायगढ़ से सीएम विष्णु देव साय का बहुत बड़ा बयान सामने आया है। सीएम ने कहा कि राज्य में नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि, हमारी सरकार का लक्ष्य है कि 31 मार्च तक नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो जाए और राज्य के विकास की राह में कोई बाधा न रहे।
चार दशक से बस्तर विकास से अछूता रहा
सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि, बस्तर क्षेत्र पिछले चार दशकों से विकास से अछूता रहा है और अब इसे तेजी से विकास की ओर अग्रसर करना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अब राज्य सरकार इन क्षेत्रों में विशेष ध्यान दे रही है और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।
25 लाख 24 हजार किसानों का धान खरीदा गया
सीएम विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में हुई धान खरीदी को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। इस साल राज्य में 25 लाख 24 हजार किसानों का धान खरीदा गया।
समय पर किसानों की कमाई उपलब्ध हो
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि किसानों को उनकी धान की अंतर की राशि होली से पहले वितरित कर दी जाएगी। इसका उद्देश्य न केवल किसानों की वित्तीय स्थिति मजबूत करना है, बल्कि उन्हें समय पर उनकी कमाई उपलब्ध कराकर आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करना है।