हमीरपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर में संचालित ‘एक से श्रेष्ठ’ कार्यक्रम की उपलब्धियों को साझा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि इस पहल के माध्यम से 12 हजार से अधिक जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क कोचिंग, शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। अनुराग ठाकुर के मुताबिक, वर्तमान में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में इस कार्यक्रम के तहत लगभग 650 केंद्र संचालित हो रहे हैं।
‘एक से श्रेष्ठ’ सिर्फ शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, सामाजिक अभियान
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने पोस्ट में कहा कि ‘एक से श्रेष्ठ’ केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों के बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का व्यापक सामाजिक अभियान है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देना है।
प्रधानमंत्री मोदी की सोच से प्रेरित होकर शुरू की पहल
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास और समावेशी सोच से प्रेरणा लेकर उन्होंने अपने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ‘एक से श्रेष्ठ’ कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इस पहल को गुरुकुल पद्धति की भावना के अनुरूप विकसित किया गया है, जिसमें शिक्षा के साथ संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
650 केंद्रों पर 12 हजार से ज्यादा बच्चों को लाभ
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के अनुसार, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में इस समय ‘एक से श्रेष्ठ’ के लगभग 650 केंद्र संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से 12 हजार से अधिक बच्चों को निशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन दिया जा रहा है।इस योजना का लाभ अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को मिल रहा है।