आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल के रेलपार इलाके में लाउडस्पीकर को लेकर प्रशासनिक संदेश देने पहुंची पुलिस के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और जहांगिरी मोहल्ला पुलिस फाड़ी पर हमला कर दिया गया। घटना के दौरान चौकी में जमकर तोड़फोड़ की गई और कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया।
अफवाह के बाद बिगड़ा माहौल
जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस स्थानीय लोगों को लाउडस्पीकर संबंधी प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी देने पहुंची थी। इसी बीच इलाके में अफवाह फैलने से हालात बिगड़ गए। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने लोगों को भड़काया, जिसके बाद भारी संख्या में लोग पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए।
पुलिस पर हमला, वाहनों में तोड़फोड़
उग्र भीड़ ने पुलिस चौकी परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों समेत कई निजी वाहनों को निशाना बनाया गया। इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। फिलहाल पूरे रेलपार इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है।
CCTV से होगी पहचान
डीसीपी पीवीजी सतीश ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हिंसा व तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है।
भाजपा विधायक का बयान
आसनसोल उत्तर से भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शहर का माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पूरी साजिश के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।